Home लखनऊ योगी का तोहफा! यूपी के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिलेगी...

योगी का तोहफा! यूपी के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिलेगी सौगात

0
योगी का तोहफा

केंद्रीय कर्मचारियों को दीपावली से पहले बोनस मिलने की घोषणा के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार भी अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस देने की तैयारी है। बोनस दिए जाने से संबंधित पत्रावली वित्त विभाग तैयार कर चुका है। इसी सप्ताह राज्य सरकार की तरफ से बोनस दिए जाने की घोषणा की जा सकती है। बताया जा रहा है कि राज्य कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन 7 हजार रुपये अधिकतम होगा। वहीं 3 फीसदी तक कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता बढ़ सकता है। पूर्व के वर्षों में भी अधिकतम सात हजार रुपये तक बोनस मिला था।

सूत्रों के मुताबिक, बोनस की पत्रावली तैयार करने के बाद वित्त विभाग अब इस पर राज्य सरकार की सहमति लेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति मिल जाने के बाद बोनस दिए जाने का आदेश जारी होगा। बोनस का लाभ अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों के साथ ही वर्कचार्ज व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी मिलेगा। करीब 14.82 लाख कर्मचारी बोनस पाएंगे। बोनस देने पर सरकार के खजाने में 1025 करोड़ रुपये से अधिक का व्ययभार आएगा। माना जा रहा है कि दीपावली से पूर्व कैबिनेट की जो भी बैठक होगी, उसमें बोनस देने पर सहमति बनेगी।

दीपावली से पूर्व जुलाई से राज्य कर्मचारियों व पेंशनरों को महंगाई भत्ता / महंगाई राहत मिलने पर संशय है। डीए / डीआर पर केंद्र सरकार के फैसले का इंतजार हो रहा है। केंद्र सरकार द्वारा जब डीए-डीआर दिए जाने पर फैसला लिया जाएगा, उसके बाद ही राज्य सरकार इस पर विचार करेगी। जानकार बताते हैं कि केंद्र सरकार इसी सप्ताह में किसी भी दिन जुलाई से मिलने वाले महंगाई भत्ता-महंगाई राहत देने की घोषणा कर सकती है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इसका फैसला होगा।

इस बार महंगाई भत्ता/महंगाई राहत में तीन फीसदी वृद्धि का अनुमान है। तीन फीसदी वृद्धि हो जाने पर कर्मचारियों व पेंशनरों के वेतन व पेंशन में महंगाई भत्ता/महंगाई राहत की दर बढ़कर 53 फीसदी हो जाएगी। सूत्र बताते हैं कि केंद्र सरकार का फैसला होते ही राज्य सरकार इसकी घोषणा दीपावली से पहले कर सकती है।

इस बार दीपावली 31 अक्तूबर को पड़ रही है। लिहाजा अक्तूबर का वेतन जो एक नवंबर को जारी किया जाता है, उसे 31 अक्तूबर से पहले ही देने का आदेश सरकार की तरफ से जारी होगा यानी कुल मिलाकर बोनस, डीए, और दीपावली से पहले वेतन मिलने से कर्मचारियों की दीपावली अच्छी होने वाली है। कर्मचारी खुलकर इस दीपावली पर खर्च कर सकेंगे।

Read Also:

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version