यूपी में एक महिला के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक युवक के परिचित असलहाधारियों ने आधी रात के समय घर में घुसकर महिला को अगवा कर लिया। महिला की भांजी के विरोध करने पर उसे बट मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
यूपी के गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में बुधवार रात एक महिला के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक युवक के परिचित असलहाधारियों ने आधी रात के समय घर में घुसकर महिला को अगवा कर लिया। महिला की भांजी के विरोध करने पर उसे बट मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। पंजाबी कालोनी के निकट काशीराम कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 50 निवासी पंकज सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि बुधवार रात लगभग 1:30 बजे उसकी 26 वर्षीय पत्नी सोनी अपने दो बच्चों और भांजी अंजली के साथ कमरे में सो रही थीं।
बताया जा रहा है कि उसी दौरान पिंटू सिंह पुत्र नन्हे सिंह निवासी रायपुरा, थाना हजरतपुर जिला बदायूं अपने 5-6 साथियों के साथ कार से आ धमका और घर में असलहों के बल पर घुस आया। पीड़ित के अनुसार पिंटू सिंह ने तमंचे के बल पर उसकी पत्नी सोनी का विवाह करने के उद्देश्य से अपहरण कर लिया। जब सोनी की भांजी अंजली ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके माथे पर असलहे की बट से वार कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड फायरिंग की और महिला को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। पीड़ित पंकज सिंह ने तत्काल 112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी सोनी घटना के समय सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाला, नाक का फूल और चांदी की पायल पहने हुए थीं, जिन्हें लेकर आरोपी फरार हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि घटना गंभीर है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।