कानपुर में पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत पहलगाम में मारे गए शुभम द्विवेदी को याद करते हुए किया। कहा कि पहलगाम हमले के कारण ही मेरा कानपुर दौरा एक बार टालना पड़ा था। इस कायराना हमले में कानपुर के लाल शुभम का निधन हुआ है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार यूपी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर से पाकिस्तान को ललकारा और कानपुरिया स्टाइल में ही समझाने की कोशिश की। पीएम मोदी ने कहा कि दुश्मन कहीं भी हो तो हौंक दिया जाएगा। पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत पहलगाम में मारे गए शुभम द्विवेदी को याद करते हुए किया। कहा कि पहलगाम हमले के कारण ही मेरा कानपुर दौरा एक बार टालना पड़ा था। इस कायराना हमले में कानपुर के लाल शुभम का निधन हुआ है। इस हमले के बाद सेना का पराक्रम पूरी दुनिया ने देखा है। हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकाने तबाह कर दिए। हमारी सेना ने ऐसा पराक्रम किया कि पाकिस्तानी सेना को गिड़गिड़ाकर युद्ध रोकने की मांग करने पर मजबूर होना पड़ा।
पीएम मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की इस धरती से सेना के शौर्य को बार-बार सैल्यूट करता हूं। फिर कहना चाहता हूं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो दुश्मन गिड़गिड़ा रहा था। वह किसी धोखे में न रहे। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। भारत ने आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई में तीन सूत्र स्पष्ट रूप से तय किए हैं। पहला, भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा। उसका समय, जवाब देने का तरीका और जवाब देने की शर्ते हमारी सेनाएं खुद तय करेंगी। दूसरा, भारत अब एटम बम की गिदड़ भभकी से नहीं डरेगा और न ही उसके आधार पर कोई फैसला लेगा। तीसरा, आतंक के आका और आतंकी सरपस्त सरकार को भारत एक ही नजर से देखेगा। पाकिस्तान का ट्रेड और नॉन ट्रेड वाला खेल अब चलने वाला नहीं है। अगर सीधे सीधे कानपुरिया में कहूं तो दुश्मन कहीं भी हो तो हौंक दिया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत के स्वदेशी हथियारों और मेक इन इंडिया की ताकत भी देखी है। हमारे भारतीय हथियारों ने ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई है। जहां टार्गेट तय किया वहां धमाके किए। यह ताकत आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से मिली है। एक समय था जब भारत सैन्य जरूरतों और अपनी रक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था। हमने उन हालातों को बदलने की शुरुआत की। भारत अपनी रक्षा जरूरतों के लिए आत्मनिर्भऱ हो, यह हमारी अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी है आत्मसम्मान के लिए भी उतना ही जरूरी है। आत्मनिर्भरता से आजादी दिलाने के लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान चलाया। यूपी डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भर भारत में बड़ा अभियान चला रहा है।